सहारनपुर , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को सहारनपुर मंडल की पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से शाकुंभरी देवी शक्तिपीठ में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।

सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि शाकुंभरी देवी शक्तिपीठ को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शक्तिपीठ तक जाने वाले मार्ग पर भक्ति संगीत एवं आधुनिक साउंड सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। उन्होंने लगभग 21.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पर्यटक आवास गृह तथा लगभग 9.01 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही विभिन्न पर्यटक सुविधाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली जनपदों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, तीर्थ स्थलों के विकास तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

श्री सिंह ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने तथा कार्यदायी संस्थाओं को सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नवंबर माह तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पर्यटन मंत्री ने निर्देश दिए कि भूमिपूजन, शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय से उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखते हुए उनके सुझावों को भी योजनाओं में शामिल किया जाए।

बैठक में बताया गया कि सहारनपुर जनपद में पर्यटन विभाग की कुल 33 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिनमें से 14 पूर्ण हो चुकी हैं। इन परियोजनाओं के अंतर्गत शाकुंभरी देवी शक्तिपीठ में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, पार्किंग, साइनेज, प्रवेश द्वार, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, लैंडस्केपिंग, फुटपाथ, वाटर फाउंटेन, बाउंड्रीवाल, ओपन एयर थिएटर, टॉयलेट ब्लॉक, स्मारिका (सुवेनियर) शॉप, पदयात्रियों के लिए सुविधाएं तथा पर्यटक आवास गृह का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा जड़ौदा पांडा स्थित जूड़ मंदिर एवं कायस्थवाड़ा के राधावल्लभ मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित