रांची , अगस्त 26 -- झारखंड पुलिस एसोसिएशन और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित अमर्यादित भाषा के प्रयोग को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है।

मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन कर विधायक जयराम कुमार महतो समेत अन्य आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर राज्य भर में आंदोलन किया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुरमू, प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित कुमार रजक और महामंत्री संजीव कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

एसोसिएशन की धनबाद शाखा की ओर से 25 अगस्त को महासंघ को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि 21 अगस्त की रात डुमरी विधायक ने अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए बरवाअड्डा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार से कथित तौर पर गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।

पत्र के मुताबिक, थाना प्रभारी को कथित रूप से धमकी दी गई कि सरकार बदलने के बाद झारखंड के जिस थाने में वे तैनात होंगे, उन्हें खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी और ड्यूटी से बाहर रहने के दौरान उन्हें सबक सिखाया जाएगा।

एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में दोबारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि टेबल पर रखे सामान को इधर-उधर किया गया और नाम पट्टिका भी तोड़ दी गई।

पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि उसके सदस्य पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित घटना से धनबाद समेत पूरे राज्य के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में आक्रोश है। धनबाद शाखा ने विरोध के तौर पर काला बिल्ला लगाने तथा मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन का प्रस्ताव महासंघ के समक्ष रखा है।

एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया है कि विधायक जयराम महतो सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। एसोसिएशन ने इसे पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा के खिलाफ बताया है।

पुलिस एसोसिएशन ने बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में विधायक जयराम कुमार महतो समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं तत्काल पूरी करने और पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो राज्य की सभी शाखाओं के पदाधिकारी और सदस्य पुलिसकर्मियों से जुड़े अन्य मुद्दों को भी शामिल करते हुए आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित