छपरा , जुलाई 15 -- बिहार में सारण जिला मुख्यालय में स्थित जय प्रकाश विश्वविद्यालय में छात्र संगठन शोध विघार्थी परिषद ने बुधवार को मुख्य प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर अपनी मांगों के समर्थन में धरना दिया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धरना के माध्यम से छात्रों ने परीक्षा, परीक्षा परिणाम, शोध, नामांकन छात्रावास, छात्र हित से जुड़े 10 सूत्रीं मांग पत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा।

सूत्रों ने बताया कि धरना को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने कहा कि कुलपति की अनदेखी के कारण विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्था और प्रशासनिक निष्क्रियता बढ़ी हैं, जिससे छात्रों के हितों पर असर पड़ रहा है। इस दौरान छात्रों ने प्रतीकात्मक तौर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो(डॉ) परमेंदर कुमार बाजपेई का सनातन धर्म के अनुसार श्राद्धकर्म किया।

छात्रों का समर्थन कर रहे विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर ने यूनीवार्ता को बताया कि उन्होंने इस प्रतीकात्मक श्राद्ध कर्मे के लिए पांच हजार चंदा दिया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में भी कुलपति की प्रतिकात्मक शवयात्रा निकली गई थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने बातचीत और मिले आश्वासन के बाद श्राद्धकर्म की प्रक्रिया रोक दी गई थी। इस मामले में छात्रों का कहना है कि आश्वासन के बावजूद पिछले एक वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने सकारात्मक कार्य नहीं किया, जिसके कारण इस प्रतीकात्मक विरोध का फैसला लिया गया।

धरना प्रदर्शन में विशाल सिंह, उज्जवल सिंह, गुलशन कुमार यादव, परमजीत सिंह कुशवाहा, प्रमेंद्र सिंह अंकित सिंह सहित अन्य छात्र नेता शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित