जयपुर , जुलाई 29 -- आमिर खान प्रोडक्शंस की आगामी फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रचार अभियान की शुरुआत जयपुर से की गई।निर्माताओं की ओर से जारी बयान के अनुसार, फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिलने के बाद प्रचार अभियान शुरू किया गया। इस क्रम में सनी देओल, करण देओल और राजकुमार संतोषी ने जयपुर के ऐतिहासिक रामबाग पैलेस से अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने हवा महल का दौरा किया और प्रसिद्ध राज मंदिर सिनेमा भी पहुंचे।
बयान के अनुसार, भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म प्रेम, त्याग, साहस और मानवीय संवेदनाओं की कहानी को दर्शाती है। फिल्म में विभाजन के दौर के दर्द और उससे जुड़े मानवीय रिश्तों को प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं। करीब 30 वर्ष बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी फिर साथ आई है।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित निर्मित 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित