जयपुर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग जयपुर के झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोल्ड स्टोरेज गोदाम में निरीक्षण के दौरान सात-आठवर्ष पुरानी 3180 किलोग्राम खराब किशमिश और 480 पैकेट अखरोट नष्ट कराये गये वहीं मिलावट के संदेह पर 1018 किलोग्राम काली मिर्च सीज की गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के मार्गदर्शन एवं संयुक्त आयुक्त वी.पी. शर्मा के पर्यवेक्षण में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की जिसमें खाद्य सुरक्षा दल ने संबंधित फर्मों के प्रतिनिधियों की सहमति से यह सामग्री नष्ट कराई।
एक अन्य कार्रवाई में मैसर्स मातेश्वरी ट्रेडिंग कंपनी से काली मिर्च का एक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिया गया। काली मिर्च में मिलावट के संदेह को देखते हुए 1018 किलोग्राम सामग्री सीज की गई। नमूने की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित