जयपुर , अगस्त 23 -- राजस्थान में संचालित "शुद्ध आहार-मिलावट पर वार" अभियान के तहत रविवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर में 300 किलोग्राम संदिग्ध पनीर नष्ट किया, जबकि फलोदी में 690 किलो वनस्पति फैट जब्त किया गया।

खाद्य सुरक्षा के अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम ने झोटवाड़ा स्थित मैसर्स श्री माया डेयरी का निरीक्षण किया। मौके पर पनीर का नमूना लिया गया तथा करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया गया। पनीर अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहित पाया गया। प्रथम दृष्टया इसे असुरक्षित खाद्य पदार्थ की श्रेणी में पाया गया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत फलौदी जिले के गांव खीचन में संचालित अवैध वनस्पति फैट निर्माण इकाई पर छापामार कार्रवाई की गयी। मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग मशीन और तैयार उत्पाद बरामद हुए। टीम ने करीब 690 किलो वनस्पति फैट जब्त कर फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।

धौलपुर जिले के सरमथुरा कस्बे में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र डेयरी से मिश्रित दूध तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से घेवर का नमूना लिया गया। नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित