जयपुर , जून 21 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार सुबह 1100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में योगोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में 1100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। राजस्थान पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने सामूहिक योग साधना कर मानसिक सुदृढ़ता और निरोगी काया का संदेश दिया।

श्री शर्मा ने समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए दैनिक जीवन में योग की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी बेहद चुनौतीपूर्ण और अत्यधिक मानसिक तनाव से भरी होती है। ऐसे में सभी साथियों के लिए अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

पुलिसकर्मियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के लिए कोई न कोई शारीरिक सक्रियता बहुत आवश्यक है। योग एक ऐसी अनुपम पद्धति है, जिसे किसी भी समय और किसी भी स्थान पर बिना किसी महंगे उपकरण के आसानी से किया जा सकता है। यदि हमारे जवान दिन-प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाते हैं, तो इससे न केवल उनका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा, बल्कि चुनौतीपूर्ण ड्यूटियों को निभाने की उनकी कार्यक्षमता में भी जबरदस्त इजाफा होगा। राजस्थान पुलिस अकादमी द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में पुलिस महकमे की विभिन्न महत्वपूर्ण इकाई का अनूठा समन्वय देखने को मिला। योग के इस महा-अनुष्ठान में पुलिस मुख्यालय, राजस्थान पुलिस अकादमी, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री तथा खुफिया प्रशिक्षण अकादमी के अधिकारियों, सदस्यों और प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रांगण में एक साथ 1100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया, जिससे पूरा माहौल सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।

समारोह में सभी पुलिस कार्मिकों ने न केवल स्वयं नियमित योग करने का संकल्प लिया, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी इस उत्तम जीवनशैली से जोड़ने की शपथ ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित