जयपुर , मई 04 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को देश के पांच राज्यों की विधानसभा चुनाव परिणाम में भाजपा की जीत का जोरदार जश्न मनाया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ सतीश पूनियां सहित पार्टी के कई नेता और पदाधिकारी एवं कार्यकताओं ने जीत का जश्न मनाया।
इस दौरान जय जय श्रीराम के नारे लगाये गये। इस अवसर पर श्री शर्मा ने अपने संबोधन में जीत की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने जीत पर बंगाल के कार्यकर्ताओ को साधुवाद और धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सिर्फ बंगाल ही नहीं पूरे देश के लिए जरुरी था। उन्होंने कहा कि बंगाल में तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं था।
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की इतनी बड़ी जीत के लिए श्री मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह देश में लोगों के सपने पूरा कर रहे है।
इससे पहले भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्री एवं विधायकों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इनमें डॉ पूनियां, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, मंत्री मदन दिलावर ,हीरालाल नागर ,कन्हैया लाल चौधरी ,गौतम दक ,जोगाराम पटेल ,राज्यवर्धन सिंह राठौड़, के के विश्नोई, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सर्राफ़, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित कई वरिष्ठ जन शामिल थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को झालमुरी खिलाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित