जयपुर , अगस्त 09 -- राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने लोकतंत्र, संविधान एवं देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के संकल्प को लेकर 'अगस्त क्रांति दिवस' पर रविवार को जयपुर में 'लोकतंत्र बचाओ तिरंगा यात्रा' निकाली।

यह तिरंगा यात्रा राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में निकाली गयी। यात्रा में सेवादल के कार्यकर्ता हाथ में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे।

यात्रा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से रवाना होकर शहीद स्मारक पहुंची, जहां श्री जूली और अन्य कांग्रेस नेताओं ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया।

यात्रा में राजस्थान कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक रफीक खान, सांगानेर से कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज, झोटवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक चौधरी, जयपुर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, मालवीय नगर से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अर्चना शर्मा, खेलकूद प्रकोष्ठ के चेयरमैन सुशील पारीक और राजस्थान कांग्रेस सेवादल महिला अध्यक्ष प्रतिभा नुवाल सहित कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस अवसर पर श्री जूली ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है और लोकतंत्र हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष व बलिदान की अमूल्य विरासत है। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित