जयपुर , सितम्बर 20 -- राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा आयोजित उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 (गृह विभाग) जयपुर जिले में रविवार को 187 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पारी में अपराह्न तीन बजे से सायं पांच बजे तक परीक्षा आयोजित हुई।
इस दौरान जिला कलक्टर संदेश नायक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और बताया कि आरपीएससी एसआई पुनः परीक्षा-2021 के लिए पहली पार में 68 हजार 662 अभ्यर्थी निर्धारित थे। प्रथम पारी में 45 हजार 930 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए जो 66.89 प्रतिशत है जबकि द्वितीय पारी में 45 हजार 514 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जो द्वितीय पारी के परीक्षार्थियों का 66.29 प्रतिशत है।
श्री नायक ने बताया कि परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जयपुर में 187 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए थे। परीक्षा के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया तथा गोपनीय सामग्री को परीक्षा केन्द्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 62 उप समन्वयकों की नियुक्ति की गई। साथ ही 32 सतर्कता दलों का गठन किया गया, जिनमें प्रशासनिक, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित