भोपाल , जुलाई 2 -- उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में मांडावरिया-किशनगढ़ रेलखंड पर पुल संख्या 292 के उन्नयन कार्य के कारण पश्चिम मध्य रेल के गुना होकर संचालित जबलपुर-अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस अक्टूबर में दोनों दिशाओं में एक-एक फेरे के लिए आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
पश्चिम मध्य रेल के अनुसार जयपुर मंडल के मांडावरिया-किशनगढ़ रेलखंड पर पुल संख्या 292 पर आरसीसी बॉक्स द्वारा स्टोन स्लैब प्रतिस्थापन कार्य किया जाएगा। इसके चलते गाड़ी संख्या 12181 जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस 24 अक्टूबर को जबलपुर से अपने निर्धारित समय पर रवाना होकर केवल जयपुर स्टेशन तक ही संचालित होगी। इस दौरान जयपुर से अजमेर के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12182 अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस 25 अक्टूबर को अपने प्रारंभिक स्टेशन अजमेर के बजाय जयपुर स्टेशन से निर्धारित समय पर रवाना होकर जबलपुर तक चलेगी। इस कारण अजमेर-जयपुर रेलखंड के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले रेल मदद (139), एनटीईएस अथवा रेलवे के अधिकृत माध्यमों से ट्रेन की अद्यतन परिचालन स्थिति, समय-सारणी और आरक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित