जयपुर , जुलाई 30 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को यहां समरसता कलश यात्रा के जयपुर आगमन पर स्वागत किया।
श्री शर्मा ने जयपुर के राजापार्क स्थित श्री राम मंदिर पहुंचकर संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत इस यात्रा के जयपुर पहुंचने पर इसका स्वागत किया। उन्होंने वाराणासी से लाए गए कलश को सिर पर धारण कर यात्रा में सहभागिता की।
श्री शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में संचालित यह अभियान संत रविदास के सामाजिक समरसता एवं समानता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित