जयपुर , सितंबर 12 -- राजस्थान में नगर निगम जयपुर के चुनाव में वार्ड संख्या 62 के भाग संख्या 23 में रविवार को पुनर्मतदान कराया जायेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 11 सितंबर को इस मतदान केंद्र पर घटित घटना के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने तथा चुनाव की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता पर प्रभाव पड़ने के मद्देनजर पूर्व में हुए मतदान को शून्य घोषित कर पुनर्मतदान के निर्देश पर यह पुनर्मतदान कराया जा रहा है।
शुक्रवार को हुए मतदान के दौरान मतदाता सूची की विलोपन सूची में अंकित 110 मतदाताओं द्वारा मतदान कर दिए जाने के कारण इस बूथ पर मतदान इस सीमा तक संदूषित हुआ है कि चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष नहीं माना जा सकता। इसलिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 में प्रदत्त शक्तियों के तहत मतदान को शून्य घोषित किया गया।
इस कारण मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कमरा नंबर चार, टीला वाला, सांगानेर पर रविवार को प्रातः सात से सायं छह बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित