जयपुर , सितम्बर 18 -- राजस्थान में नगर निगम जयपुर के अवैध विज्ञापनों के विरूद्ध चलाये गये विशेष अभियान के तहत विभिन्न जोनों की टीमों द्वारा कार्रवाई करते हुए अब तक 185 वाणिज्यिक बैनर, 280 अवैध होर्डिग्स एवं 15 फर्मो एवं संस्थाओं को 14 लाख 29 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति नोटिस जारी किया गया।
निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार निगम के समस्त जोन कार्यालयों द्वारा गत 17 सितम्बर से अवैध विज्ञापनों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन निगम क्षेत्र में लगे अवैध विज्ञापनों को हटाने के साथ-साथ उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की गयी।
उपायुक्त (राजस्व) प्रथम नवीन भारद्वाज ने बताया कि नगर निगम टीमों द्वारा अवैध बैनर, होर्डिग के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है जे.के.जे ज्वैलर्स वैषाली नगर में फर्म द्वारा अवैध होर्डिग, बैनर लगाये जाने पर 6 लाख 89 हजार रूपये का नोटिस तथा जगतपुरा में अवैध विज्ञापन लगाने पर एक लाख रूपये क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की गयी तथा नोटिस दिया गया कि तीन दिवस में क्षतिपूर्ति राशि निगम कोष में जमा कराये अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
आयुक्त ने बताया कि जिन भवनों अथवा दीवारों पर अवैध रूप से विज्ञापन लगाये गये है, उनके भवन मालिकों से नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि की वसूली की जायेगी। इसके साथ ही जिन उत्पादों के अवैध विज्ञापन गैन्ट्री, यूनिपोल अथवा पोल क्रियोस्क पर पाए जाएंगे, उनके उत्पाद निर्माताओं को भी नोटिस जारी किये जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित