जयपुर , जून 29 -- राजस्थान में जयपुर के चंदवाजी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक होटल के निर्माणाधीन सीवरेज की दीवार गिर जाने से दो महिलाओं सहित तीन श्रमिकों की मौत हो गयी जबकि 10 से अधिक घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताला मोड़ स्थित अरावली पैलेस होटल परिसर में करीब 20 से अधिक श्रमिक सीवरेज के लिए खोद गए गड्ढे में काम कर रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन सीवरेज की दीवार अचानक ढह गयी। घटना में नीचे काम कर रहे दो महिलाओं सहित तीन-चार लोग मलबे दब गये और ऊपर काम कर रहे कुछ श्रमिक भी उसकी चपेट में आ गये। इससे तीन लोगों की मृत्यु हो गई पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और घायलों को पास के निम्स अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतकों की पहचान रिंकू (32), सविता और रामजी मांझी के रुप में की गई हैं जाे बिहार के रहने वाले बताये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि निर्माणधीन दीवार ढहने से हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य संचालित करने क निर्देश दिये हैं। श्री शर्मा ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस घटना में तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित