नयी दिल्ली/हैदराबाद, जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. जयपाल रेड्डी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उन्हें सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और मूल्यों का प्रतीक बताया।

नयी दिल्ली में जयपाल रेड्डी के चित्र पर मुख्यमंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुये कहा कि एक छात्र नेता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले यह दिग्गज नेता जीवन भर सिद्धांतों और ईमानदारी के प्रति प्रतिबद्ध रहे।

श्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि श्री जयपाल रेड्डी ने अपने असाधारण ज्ञान, संसदीय योगदान और प्रभावशाली वाक्पटुता के माध्यम से अपार सम्मान अर्जित किया। इससे सार्वजनिक जीवन और संसद दोनों पर उन्होंने एक अमिट छाप छोड़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना सरकार श्री जयपाल रेड्डी द्वारा कायम किये गये आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश गौड़ और कांग्रेस नेता रोहिन रेड्डी तथा थुम्माला युगांधर भी इस अवसर पर मौजूद थे और उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित