नयी दिल्ली , मार्च 19 -- केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने उत्तर परदेश में बागपत में चौधरी अजीत सिंह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर डिजाइन एंड फैशन टेक्नोलॉजी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर श्री चौधरी आज ने कहा कि यह केंद्र नई तकनीकों के साथ कौशल विकास को जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे ग्रामीण युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि अपैरल सेक्टर देश में सबसे ज्यादा रोजगार देने वाले क्षेत्रों में से एक है और हर साल करीब 80 लाख लोगों को रोजगार देता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए यह एक बड़ा अवसर है और इस तरह के सेंटर युवाओं के लिए नए रास्ते खोलेंगे। देश के ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बागपत में एक बड़ी शुरुआत हुई है।

अपैरल मेड-अप्स एंड होम फर्निशिंग सेक्टर स्किल काउंसिल (एएमएचएसएससी) के चेयरमैन डॉ. सक्थिवेल ने कहा कि यह केंद्र युवाओं को भविष्य के फैशन और अपैरल उद्योग के लिए तैयार करेगा। यहां एआई आधारित ट्रेनिंग और आधुनिक तकनीकों के जरिए कुशल कार्यबल तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब 9,000 वर्ग फुट में बने इस केंद्र पर लगभग पाँच करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित