रामनगर , मार्च 26 -- उत्तराखंड में पर्यटन नगरी रामनगर में आज अष्टमी और नवमी नवरात्र के मौके पर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का संगम एक बार फिर देखने को मिल रहा है।

पर्वतीय जन जागृति प्रयास सेवा समिति रामनगर द्वारा 11वें विशाल जागरण का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत आज सुबह मां गिरिजा ज्योत यात्रा का शुभारंभ किया गया। यह यात्रा पैडपडाव रामनगर से शुरू होकर मां गिरिजा देवी धाम के लिए रवाना हुई और वहां विधि-विधान के साथ ज्योत प्रज्वलित कर वापस कार्यक्रम स्थल लाई गई,ज्योत यात्रा के दौरान मां गिरिजा देवी की भव्य झांकियां, डोला और ज्योत के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों-भरतपुरी, टेड़ा रोड, पंपापुरी और अन्य इलाकों में शोभायात्रा निकाली गई।

इस दौरान पूरे शहर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस यात्रा में शामिल हुए,संस्था के सदस्य सिवा नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि मां गिरिजा देवी ज्योत महोत्सव का यह 11वां आयोजन है, जो हर वर्ष और अधिक भव्य रूप लेता जा रहा है,उन्होंने बताया कि इस आयोजन के तहत मां गर्जिया धाम से ज्योत लाकर रामनगर में स्थापित की जाती है और इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में शोभायात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं तक मां का आशीर्वाद पहुंचाया जाता है।

शिवा नेगी ने बताया कि शाम को भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालु पूरी रात माता के भजनों और जागरण में शामिल होंगे। धार्मिक परंपराओं के अनुसार, ज्योत की स्थापना पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से की जाएगी, जिसके बाद जागरण कार्यक्रम शुरू होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है। कार्यक्रम में स्थानीय देवी-देवताओं के जागर, पारंपरिक अनुष्ठान और पहाड़ी बोली की झलक भी देखने को मिलती है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का अवसर मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित