नयी दिल्ली , मई 25 -- केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने सोमवार को 2026 ताइपे कैपिटल कप वर्ल्डस्किल्स इनविटेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने जा रहे भारतीय दल को रवाना किया।
इस मौके पर श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय प्रतियोगी आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्कृष्टता के साथ देश का प्रतिनिधित्व करें तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से सीखने का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करती हैं, बल्कि भारत के कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को भी सशक्त बनाती हैं और युवाओं को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करती हैं।
उन्होंने कहा, "ये वैश्विक मंच केवल पदक जीतने के लिए नहीं हैं, बल्कि ऐसे अनुभव प्रदान करते हैं जो आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और जीवनभर की यादें छोड़ जाते हैं। मैंने टीम इंडिया को सीखने, नए संबंध बनाने और बड़े सपनों के साथ लौटने के लिए प्रोत्साहित किया है।"यह अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक एवं तकनीकी कौशल प्रतियोगिता 26 से 28 मई 2026 तक ताइवान के ताइपे में आयोजित होगी। पांच सदस्यीय भारतीय दल इस प्रतियोगिता में लगभग 15 देशों के प्रतिभागियों के साथ मुकाबला करेगा। यह टूर्नामेंट वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 से पहले एक तैयारी प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित