बागपत , मार्च 20 -- केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी के बाद उनकी कर्मभूमि बागपत में भी राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इस घटना को लेकर बागपत में रालोद के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।

रालोद के राष्ट्रीय महासचिव (खेल प्रकोष्ठ) डा. संजीव आर्य दांगी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया है। उन्होंने कहा कि एक केंद्रीय मंत्री को इस प्रकार की धमकी मिलना अत्यंत गंभीर विषय है, जिसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।

डा. दांगी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जयंत चौधरी को तत्काल प्रभाव से जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए और धमकी के पीछे के कारणों की गहन जांच कर सच्चाई को शीघ्र सार्वजनिक किया जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोकदल का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने नेता जयंत चौधरी की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं भी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने से पीछे नहीं हटेगा। डा. दांगी ने सरकार से अपील की कि इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित