लखनऊ , मार्च 20 -- केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया।

डॉ. राय ने कहा कि इस तरह की घटनाएं न सिर्फ किसी व्यक्ति की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती हैं, बल्कि समाज में भय और असुरक्षा का माहौल भी पैदा करती हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को डराने-धमकाने की कोशिशें असामाजिक तत्वों की साजिश को दर्शाती हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जयंत चौधरी की सुरक्षा कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने भरोसा जताया कि दिल्ली और अन्य जांच एजेंसियां मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई करेंगी और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने अमित शाह और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित