श्रीनगर , मई 08 -- जम्मू - कश्मीर में नशामुक्त भारत अभियान के तहत पुलिस ने नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए कई प्रमुख तस्करों की अवैध संपत्तियां गिराते हुए प्रतिष्ठान (दुकानें) सील किए और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है।

बारामूला पुलिस ने राजस्व अधिकारियों और गुलमर्ग विकास प्राधिकरण (जीडीए) के साथ मिलकर तंगमार्ग क्षेत्र में नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि फिरोजपोरा तंगमार्ग में चलाए गए एक संयुक्त अभियान में फिरोजपोरा तंगमार्ग के कुख्यात नशीले पदार्थों के तस्कर इम्तियाज अहमद मीर की एक दुकान को पुलिस ने राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर गिरा दिया।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के सहायक ढांचों को खत्म करने और नशीले पदार्थों के खतरे के खिलाफ एक संदेश देने के अभियान का हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि एक समानांतर कार्रवाई में गुलमर्ग विकास प्राधिकरण (जीडीए) की एक आउटसोर्स संपत्ति 'नॉर्थ विंड कैफे' को भी शुक्रवार को जीडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा सील कर दिया गया। उक्त संपत्ति के पट्टेदार यासीन खांडे पुलिस चौकी वागूरा में दर्ज स्वापक औषधि एवं मनोत्तेजक पदार्थ अधिनियम (एडीपीएस) मामले में आरोपी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित