जम्मू , मई 04 -- जम्मू विकास प्राधिकरण ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यहां रिंग रोड गलियारे के किनारे 15 से अधिक अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि जम्मू विकास प्राधिकरण ने अनधिकृत निर्माणों पर अंकुश लगाने और नियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए रिंग रोड गलियारे के किनारे एक बड़ा अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान 15 से अधिक अवैध ढांचों को गिरा दिया गया, जो सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक भवन निर्माण अनुमति प्राप्त किये बिना बनाये गये थे।
उन्होंने कहा, "ये ढांचे स्वीकृत भूमि उपयोग मानदंडों और भवन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करते पाए गये।" प्रारंभिक मूल्यांकन से संकेत मिला है कि अनधिकृत निर्माणों ने सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर दिया था।
आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि इनमें से कई ढांचे या तो संरचनात्मक रूप से कमजोर थे या उन्होंने महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर अतिक्रमण कर लिया था, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बढ़ गया था, विशेष रूप से पास के आवासीय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिये।
उन्होंने बताया कि विध्वंस की यह कार्रवाई स्थानीय प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सहायता से जम्मू विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन विंग द्वारा संचालित की गई, ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो।
आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि उचित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार उल्लंघनकर्ताओं को पहले ही नोटिस दिये गये थे, जिससे उन्हें नियमों का पालन करने के लिए पर्याप्त अवसर मिला था।
प्राधिकरण ने जम्मू में नियोजित विकास बनाये रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और आम जनता से आग्रह किया कि वे भवन निर्माण मानदंडों का कड़ाई से पालन करें और कोई भी निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित