जम्मू , अगस्त 26 -- जम्मू-कश्मीर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जम्मू ने शहर में एक हेरोइन रैकेट का भंडाफोड़ कर पांच किलो से ज़्यादा हेरोइन ज़ब्त की और गिरोह के मास्टरमांइड सहित तीन तस्करों को गिरफ़्तार किया है।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर चलाये गये अभियान में एनसीबी जम्मू ने सीमा-पार हेरोइन तस्करी रैकेट का पर्दाफ़ाश किया। इस दौरान 5.160 किलोग्राम हेरोइन ज़ब्त की गयी और कथित मास्टरमाइंड समेत तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया। खास खुफिया जानकारी मिलने पर, एनसीबी ने जम्मू के पंजतीर्थी इलाके में एक गाड़ी को रोका। तलाशी लेने पर दो आरोपियों के पास से 5.160 किलोग्राम हेरोइन बरामद गई। दोनों आरोपी बारामूला के रहने वाले हैं।"उन्होंने बताया कि इसके बाद बारामूला के ही एक और निवासी के बारे में अहम सुराग मिलने पर तुरंत आगे की कार्रवाई शुरू की गयी। यह व्यक्ति नशीले पदार्थ की तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड और आपूर्तिकर्ता है। एनसीबी की टीम ने लगातार खोजबीन के बाद उसे लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के लेह में ढूंढ निकाला और ज़ब्ती के दो दिनों के भीतर ही गिरफ़्तार कर लिया।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि ज़ब्त की गई हेरोइन एक संगठित सीमा-पार आपूर्ति चेन का हिस्सा है। संदेह जताया गया है कि यह नशीला पदार्थ पाकिस्तान से उरी सीमा क्षेत्र के ज़रिए भारत में लाया गया ।
उन्होंने कहा कि इस गिरोह में शामिल सीमा-पार सप्लायर, वित्तीय कनेक्शन, ट्रांसपोर्टर, स्थानीय सहयोगी और वितरण नेटवर्क की पहचान करने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे रैकेट का पर्दाफ़ाश करने और इसके आगे-पीछे के कनेक्शन का पता लगाने के लिए आगे की जांच और खुफिया जानकारी जुटाने का काम जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित