जम्मू , मार्च 16 -- केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के जम्मू क्षेत्र के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है।
जम्मू जिले में हालांकि अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि पर्वतीय इलाकों में बनिहाल में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 8.8, भदेरवाह में 3.5 और कठुआ में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने इस बीच कहा कि श्री माता वैष्णो देवी भवन के ऊपरी इलाकों में भी एक बार फिर हिमपात हुआ जबकि ओलावृष्टि और कोहरे के कारण कटरा-सांजीछत हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही।
एक मौसम विज्ञानी ने सप्ताह भर के मौसम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 20 मार्च तक मौसम में अनियमितता जारी रहने का अनुमान है और कश्मीर संभाग में कई स्थानों पर और जम्मू संभाग में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
उन्होंने कहा कि 15 और 16 मार्च को कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है, जो आज पूर्वाह्न (दोपहर से पहले) तक जारी रह सकती है।
उन्होंने कहा कि 17 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, और 18 से 20 मार्च के दौरान आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है, जो आमतौर पर रात या सुबह के समय हो सकती है।
प्रदेश में 21 से 23 मार्च तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा और 24 एवं 25 मार्च को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित