जम्मू , सितंबर 21 -- पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) भोपाल के नेतृत्व में जम्मू की छह दिवसीय यात्रा पर पहुंचे मध्यप्रदेश के पत्रकारों के अध्ययन दल ने सोमवार को जम्मू की पीआईबी निदेशक नेहा जलाली से भेंट की।

मध्यप्रदेश के पत्रकारों का स्वागत करते हुए सुश्री जलाली ने बताया कि वर्तमान में जम्मू क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि धारा 370 के रद्द होने के बाद से यहां की विकास योजनाओं में गुणात्मक बदलाव और तेजी आई है। जम्मू हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है, वहीं कई राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण और चौड़ीकरण भी हो रहा है।

उन्होंने अध्ययन दल को बताया कि यात्रा के दौरान पत्रकार जम्मू क्षेत्र की कई विकास योजनाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से भी रूबरू होंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश शर्मा भी उपस्थित थे, जिनका पत्र सूचना कार्यालय भोपाल की ओर से स्वागत किया गया। पीआईबी भोपाल के उपनिदेशक शारिक नूर ने सुश्री जलाली, मीडिया एवं संचार अधिकारी जाकिर मलिक और मुशर्रफ वाणी को स्मृति चिन्ह भेंट किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित