जम्मू , अक्टूबर 26 -- जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित शिव मार्केट में रविवार देर रात लगी भीषण आग में करीब 35 दुकानें जलकर राख हो गयी।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात बाजार में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते कुछ ही समय में करीब 30 से 35 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है।

अधिकारियों के अनुसार, सतर्क दुकानदारों ने आग लगने की सूचना दी और तुरंत अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग को फोन किया। इसके बाद 12 से अधिक दमकल गाड़ियों और बड़ी संख्या में अग्निशमन कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया।

अधिकारियों ने कहा, "आग बहुत भीषण थी और उस पर काबू पाना बेहद चुनौतीपूर्ण था।" उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने कई घंटों तक आग बुझाने का प्रयास किया और सुबह तक उस पर काबू पा लिया। इस बाजार में मुख्य रूप से कपड़ों, सूखे मेवों और हस्तशिल्प की दुकानें हैं। इसके अलावा यहां स्थानीय ढाबे और खाने-पीने की दुकानें भी हैं। प्रभावित दुकानदारों का अनुमान है कि आग में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।

आग लगने के सटीक कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गयी हैं। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने या जान गंवाने की सूचना नहीं है। आग पूरी तरह बुझाने पर प्राथमिकता देने के कारण फिलहाल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विक्रम रंधावा ने रविवार देर रात घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि शिव मार्केट रेलवे स्टेशन के पास एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है।

श्री रंधावा ने कहा, "जब तक दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक पूरा बाजार आग की चपेट में आ चुका था।" उन्होंने अनुमान जताया कि करीब 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जल गई हैं। उन्होंने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का उचित आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम बाद में प्रशासन के साथ मुआवजे के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। नुकसान निश्चित रूप से बहुत व्यापक हुआ है।"जम्मू के उपायुक्त मिंगा शेरपा, पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) वरुण जंडियाल और नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं अग्निशमन कार्यों की निगरानी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित