जम्मू , मार्च 14 -- जम्मू कश्मीर के रामबन जिले के हरे-भरे घास के मैदानों के बीच स्थित खूबसूरत सनासर में दो लाख से अधिक खिले हुए ट्यूलिप पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हैं और इस उद्यान को जल्द ही आम लोगों के लिए खोला जायेगा , जिससे नए पर्यटन सत्र की शुरुआत होगी।

रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने बताया कि जम्मू क्षेत्र का पहला ट्यूलिप उद्यान सनासर में विकसित किया गया है और इसमें 25 विभिन्न किस्मों के दो लाख से अधिक ट्यूलिप लगाए गए हैं, जो देशभर से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि लगभग 35 कनाल भूमि पर फैले इस उद्यान में खिले ट्यूलिप का दृश्य बेहद आकर्षक और मनमोहक है।

उन्होंने बताया कि पटनीटॉप विकास प्राधिकरण की ओर से सनासर में गोल्फ कोर्स भी विकसित किया जा रहा है, जिससे यहां गोल्फ गतिविधियों के साथ अन्य पर्यटन सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा और इस पर्यटन स्थल का समग्र विकास होगा। पटनीटॉप और सनासर को विवाह समारोह तथा फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त स्थल के रूप में भी प्रचारित किया जाएगा।

जिला उद्यानिकी अधिकारी विक्रांत शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है और वे सनासर पहुंचकर इस सुंदर ट्यूलिप उद्यान का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 25 किस्मों के दो लाख से अधिक ट्यूलिप जल्द ही पूरी तरह खिल जाएंगे और उद्यान को शीघ्र ही पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में सरकार ने जम्मू संभाग के सबसे बड़े ट्यूलिप उद्यान के विकास की योजना को स्वीकृति दी थी, जिसके तहत सनासर में इस उद्यान को विकसित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित