जम्मू , फरवरी 16 -- जम्मू कश्मीर के रणबीर सिंह पुरा इलाके के एक बाल सुधार गृह से दो पाकिस्तानी नागरिकों सहित तीन किशोर कैदी ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम पर हमला कर फरार हो गये।
सूत्रों ने बताया कि सोमवार शाम तीन कैदियों ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस दल पर हमला किया और बाल सुधार गृह से भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि भागने वालों में दो पाकिस्तानी नाबालिग हैं।
सूत्रों ने बताया, "बाल सुधार गृह में बंद कैदी आपस में लड़ रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने बीच-बचाव किया।" उन्होंने आगे कहा कि इसी का फायदा उठाकर भागने वाले कैदियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
इस घटना में दो पुलिसकर्मी-हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार और विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) विनय चौधरी-घायल हुए हैं। खबरों के मुताबिक, इन तीनों ने भागने के बाद एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल भी छीनी थी।
इस बीच जम्मू पुलिस ने आधिकारिक बयान में कहा है कि आर एस पुरा के दबलेहड़ गांव निवासी और दो पाकिस्तानी नागरिकों ने सोमवार शाम करीब 5:15 बजे ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और बाल सुधार गृह से फरार हो गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित