श्रीनगर , अक्टूबर 01 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने लगभग 15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से श्री माता वैष्णो देवी की पारंपरिक तीर्थ यात्रा मार्ग की बहाली के लिए प्रशासनिक मंज़ूरी प्रदान की है।

यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक रास्ते को फिर से शुरू करने का उद्देश्य इसकी विरासत को बचाए रखना है, साथ ही अवसंरचना को मजबूत करना और इस पवित्र यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाना है। यह परियोजना पारंपरिक रास्ते को बहाल करने और उसे बेहतर बनाने पर केंद्रित होगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा के अनुभव को आसान, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना है, साथ ही इसके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को भी बनाए रखना है।मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि जम्मू-कश्मीर में महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की विरासत और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखने के साथ-साथ तीर्थयात्रा से जुड़ी सुविधाओं का विकास भी होना चाहिए।

माता वैष्णो देवी का मंदिर जम्मू-कश्मीर के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है, जहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित