जम्मू , अप्रैल 04 -- जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शनिवार को गंदेरबल मुठभेड़ को लेकर काफी हंगामा हुआ और सदस्यों ने चिंता जताते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की।
नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस और पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने एक सुर में 31 मार्च को हुई हालिया गंदेरबल मुठभेड़ की न्यायिक जांच की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों को छोड़कर, अन्य सभी विधायकों ने इस हत्या की निंदा की और सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठर से इस मुद्दे पर बयान देने की मांग की।
इस बीच विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठर ने सदन को सूचित किया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस मामले में पहले ही एक समय-सीमा के भीतर जांच के आदेश दे दिए हैं।
गौरतलब है कि सेना ने दावा किया है कि 31 मार्च को अरहामा के जंगलों में गोलीबारी के दौरान मारा गया व्यक्ति एक आतंकवादी था, जिसकी पहचान गंदेरबल के राशिद अहमद मुगल के रूप में हुई है। वहीं मृतक के परिवार ने उसके बेकसूर होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि उसके कोई आतंकवादी संबंध नहीं थे। परिवार ने इस मुठभेड़ को फर्जी करार दिया और उचित अंतिम संस्कार के लिए मृतक का शव लौटाए जाने की भी मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित