श्रीनगर , सितंबर 21 -- जम्मू-कश्मीर में विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती कोटे के तहत 40,672 सरकारी पद रिक्त पड़े हैं।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में प्रभारी मंत्री ने कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज लोन के एक सवाल के जवाब में सोमवार को यह जानकारी दी। इसमें राजपत्रित श्रेणी में 3,318 पद, गैर-राजपत्रित श्रेणी में 24,427 पद और मल्टी-टास्किंग सर्विस (एमटीएस) के 12,927 पद रिक्त हैं।

विभागवार आंकड़ों के अनुसार, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में सबसे अधिक 12,797 पद रिक्त हैं। इनमें 2,125 राजपत्रित, 8,064 गैर-राजपत्रित और 2,608 एमटीएस पद शामिल हैं। कृषि उत्पादन विभाग में 4,939 पद रिक्त हैं। इनमें 84 राजपत्रित, 1,925 गैर-राजपत्रित और 2,930 एमटीएस पद शामिल हैं। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग में 1,364 पद रिक्त हैं। इनमें 594 राजपत्रित, 727 गैर-राजपत्रित और 43 एमटीएस पद हैं। वहीं, आवास एवं शहरी विकास विभाग में 2,741 पद रिक्त हैं, जिनमें 30 राजपत्रित, 801 गैर-राजपत्रित और 1,910 एमटीएस पद शामिल हैं।

श्री लोन ने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान 2,150 पदों को जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) को भेजा गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इनमें सबसे अधिक 794 पद स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के थे।

उन्होंने बताया कि 2024 और 2025 के दौरान जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) को 17,922 रिक्त पदों की सूचना भेजी गई थी। इनमें 2024 में 11,582 और 2025 में 6,340 पद भेजे गए। सरकार ने स्पष्ट किया कि 2024 के आंकड़े में वे पद भी शामिल हैं, जिन्हें पहले जेकेएसएसबी को भेजा गया था।

विधायक के इस सवाल पर कि दैनिक वेतनभोगियों सहित अस्थायी कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों को नियमित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं, सत्ता पक्ष ने बताया कि इस उद्देश्य के लिए गठित समिति मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित