श्रीनगर , मार्च 10 -- जम्मू-कश्मीर सरकार ने राष्ट्र विरोधी और विध्वंसक गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल होने के कारण जल शक्ति विभाग के तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है।अधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इन कर्मचारियों में किश्तवाड़ जिले के हुल्लर में भगवान मोहल्ला के रहने वाले लियाकत अली भगवान और एक मज़दूर कौसर हुसैन भगवान निवासी हुंजला जिला किश्तवाड़ और दिहाड़ी मजदूर शौकत अहमद ज़रगर निवासी बिजबेहरा में इकबाल मोहल्ला जिला अनंतनाग हैं।
जल शक्ति विभाग के वित्तीय आयुक्त (एसीएस), शालीन काबरा द्वारा नौ मार्च को जारी अलग-अलग सरकारी आदेशों के अनुसार, गृह विभाग से मिली सिफारिश और इन लोगों के खिलाफ गैरकाूननी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आपराधिक मामला दर्ज होने के बाद प्रशासनिक हित में यह कार्रवाई की गई है।
आदेश के मुताबिक, लियाकत भगवान का नाम यूएपीए की अलग-अलग धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी में है, जो आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने, आतंकवादी गतिविधियों की साज़िश करने, आतंकवादियों को पनाह देने और आतंकवादी संगठन की सदस्यता या समर्थन के आरोपों से जुड़ी हैं।
इसी तरह, कौसर भगवान का नाम भी यूएपीए की अलग-अलग धाराओं के तहत आतंकवादी गतिविधियों और उससे जुड़े अपराधों में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में दर्ज उसी प्राथमिकी में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित