श्रीनगर , सितंबर 08 -- जम्मू-कश्मीर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में पिछले आठ दिनों से हड़ताल पर बैठे मेडिकल इंटर्न्स ने सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर 30 दिनों के भीतर फैसला लेने का आश्वासन मिलने के बाद अपनी हड़ताल वापस ले ली है।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री के कार्यालय और प्रदर्शनकारी इंटर्न्स के प्रतिनिधियों के बीच हुई चर्चा के बाद यह सहमति बनी। इंटर्न्स मासिक स्टाइपेंड को मौजूदा 12,300 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे और उन्होंने सोमवार से 48 घंटे की भूख हड़ताल शुरू करके अपने विरोध को और तेज कर दिया था।
सरकार की ओर से जारी आधिकारिक विवरण के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने माना कि मरीजों की देखभाल, अस्पताल सेवाओं और इंटर्न्स की शैक्षणिक जिम्मेदारियों को बिना किसी बाधा के जारी रखने के लिए इस मुद्दे को जल्द सुलझाना आवश्यक है। बैठक में तय हुआ कि 27 जून 2023 के सरकारी आदेश के तहत गठित 'स्टाइपेंड संवर्धन समिति' की सिफारिशों और इंटर्न्स के हितों को ध्यान में रखते हुए 30 दिनों के भीतर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित