श्रीनगर , अक्टूबर 01 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात ने गुरुवार को बीते सितंबर को खुशी का महीना बताया और केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद-विरोधी प्रयासों में मिली कई परिचालन सफलताओं का उल्लेख किया।

श्री प्रभात ने 'कश्मीर मैराथन-रन फॉर यूनिटी' के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में उपराज्यपाल सिन्हा मुख्य अतिथि थे।

उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल के मार्गदर्शन में चलाये गये आतंकवाद-विरोधी अभियानों के इस महीने में महत्वपूर्ण परिणाम प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा, "नापाक पड़ोसी के मंसूबों को नाकाम करने के लिए आपके मार्गदर्शन में हमने जो आतंकवाद-विरोधी अभियान चलाये, उनके हिसाब से सितंबर का महीना हमारे लिए खुशी और कई परिचालन सफलताओं वाला रहा है।"उन्होंने कहा कि सितंबर में बडगाम के जंगली इलाकों में अलग-अलग मुठभेड़ों में लश्कर-ए-तैयबा के दो बड़े पाकिस्तानी कमांडरों, हाशिम मूसा (उर्फ़ आसिफ़ फौजी) और यायर को मार गिराया गया। ये दोनों लश्कर के चार कमांडरों वाले उस ग्रुप का हिस्सा थे जिसे सुरक्षा एजेंसियां हाल के वर्षों में जम्मू-कश्मीर में हुए कुछ बड़े आतंकी हमलों से संबद्ध मानती है। इन दो कमांडरों की मौत को जम्मू-कश्मीर में काम कर रहे लश्कर नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है।

डीजीपी ने अपराध रोकने और उनका पता लगाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सालाना अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा इंतज़ामों में पुलिस की कामयाबियों का भी उल्लेख किया। युवाओं तक पहुंचने के पुलिस के प्रयासों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि कश्मीर मैराथन में युवाओं की बढ़ती भागीदारी एक शांतिपूर्ण भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता दर्शाती है।

श्री प्रभात ने कहा, "कश्मीर के युवा और पूरे जम्मू-कश्मीर के निवासी हिंसा के बजाय शांति और तबाही के बजाय तरक्की को चुन रहे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र शासित प्रदेश अंधेरे से निकलकर रोशनी की ओर बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष ऐसे कार्यक्रमों में बच्चों और युवाओं की बढ़ती भागीदारी एक शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, साथ ही यह एक सशक्त संदेश भी देती है कि जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की पड़ोसी दुश्मन देश की कोशिशें नाकाम हो रही हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कामों की ओर लगाने के लिए अपने नागरिक कार्रवाई कार्यक्रम और खेल-कूद की गतिविधियों का उपयोग कर रही है।

गत अप्रैल में शुरू हुए नशा-विरोधी अभियान का उल्लेख करते हुए श्री प्रभात ने बताया कि अब तक 3,257 मामले दर्ज किये गये हैं, जिनमें से 2,500 से ज़्यादा मामलों का निपटारा हो चुका है और लगभग 4,000 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि 170 मामलों में सज़ा भी सुनायी गयी है।

पुलिस प्रमुख ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में 138 करोड़ रुपये से ज़्यादा की 288 संपत्तियां ज़ब्त की गयी हैं, जबकि 144 लोगों पर स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियमके तहत वित्तीय जांच (फिट-एनडीपीएस) फ्रेमवर्क के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बचाव कार्यों, पर्वतारोहण तथा खेल आयोजनों में जम्मू-कश्मीर सशस्त्र पुलिस और उसकी टीमों की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलों से युवाओं के साथ पुलिस के जुड़ाव को मज़बूत करने में मदद मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित