श्रीनगर , अप्रैल 04 -- जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान व्यापक वर्षा दर्ज की गयी, जिसमें कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू क्षेत्र के बटोटे में सर्वाधिक 53.8 मिमी वर्षा दर्ज की गयी, जबकि कश्मीर के बारामूला में 45.5 मिमी बारिश हुई।
उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा हिमपात भी हुआ है। कुपवाड़ा के साधना टॉप, शोपियां की मुगल रोड, अनंतनाग-किश्तवाड़ मार्ग के मरगन टॉप तथा बांदीपोरा के गुरेज और तुलैल क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। सोनमर्ग के ऊपरी इलाकों में भी हिमपात हुआ, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
आंकड़ों के अनुसार गुलमर्ग और कटरा में 32.2 मिमी, श्रीनगर में 25.1 मिमी, काजीगुंड में 18.8 मिमी और कुपवाड़ा में 14.1 मिमी वर्षा हुई। जम्मू संभाग में भद्रवाह में 26.8 मिमी, उधमपुर में 31.7 मिमी, बनिहाल में 19.7 मिमी और जम्मू में 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
मौसम विभाग ने बताया कि यह वर्षा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई है। 5 और 6 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
विभाग के अनुसार 9 से 11 अप्रैल के बीच भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है, जबकि 12 से 15 अप्रैल के बीच मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित