श्रीनगर , मई 14 -- जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने गुरुवार को कहा कि पिछले महीने "नशा मुक्त जम्मू- कश्मीर" अभियान शुरू होने के बाद से 806 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एनडीपीएस के 724 मामले दर्ज किए गये हैं।

श्रीनगर में मीडिया को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि 11 अप्रैल को प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गये "नशा मुक्त अभियान" के कारण नशीले पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई में भारी तेजी आई है, और पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में एनडीपीएस मामलों में लगभग सात गुना वृद्धि हुई है।

श्री प्रभात ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का विवरण देते हुए बताया कि इस अभियान के दौरान अब तक 724 प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं और 806 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गये प्रमुख लोगों में गुलजार अहमद उर्फ 'लौ गुर्जर' शामिल है, जो 28 मामलों में वांछित था और जिसे हाल ही में जम्मू पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके अलावा अवनीत सिंह उर्फ 'नागी' भी शामिल है, जो जम्मू संभाग में 17 मामलों में वांछित था।

डीजीपी ने बताया कि इस अभियान के दौरान 667 किलोग्राम नशीला पदार्थ और लगभग 19,000 साइकोट्रॉपिक यूनिट जब्त की गईं, जबकि नशीले पदार्थों के कारोबार में लिप्त 24 आदतन अपराधियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गयी। पुलिस प्रमुख ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सभी अभियानों में "2023 से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन" किया है और 2023 से 2026 के बीच नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी संपत्तियों को जब्त करने के मामलों में 12 गुना वृद्धि दर्ज की है।

उन्होंने कहा, "2025 में संपत्तियों की जब्ती के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस राष्ट्रीय स्तर पर तीसरे स्थान पर रही, जबकि पीआईटी-एनडीपीएस के तहत हिरासत में लेने के मामलों में यह बल 240 लोगों को हिरासत में लेकर देश में पहले स्थान पर रहा।"श्री प्रभात ने बताया कि मौजूदा अभियान के दौरान नशीले पदार्थों के व्यापार से जुड़ी 41.85 करोड़ रुपये की संपत्तियों की पहचान की गयी है और उन्हें ज़ब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अनंतनाग पुलिस ने एक ही मामले में 6.17 करोड़ रुपये की संपत्तियां ज़ब्त कीं, जो अब तक की सबसे बड़ी ज़ब्ती है। उन्होंने कहा, "अपनी तरह की पहली कार्रवाई में प्रदेश पुलिस ने केंद्र शासित प्रदेश के बाहर भी संपत्तियां ज़ब्त की हैं, जिनमें गुरदासपुर, पठानकोट और चंडीगढ़ में एक-एक संपत्ति शामिल है।" उन्होंने बताया कि कुलगाम पुलिस ने भी पिछली कड़ियों का पता लगाते हुए जम्मू के बेलीचरना इलाके में 93 लाख रुपये की संपत्तियां ज़ब्त की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित