जम्मू, एक अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू इलाके में शनिवार तड़के बादल फटने से कई इमारतों, दुकानों और आधारभूत ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार बादल फटने के कारण आई अचानक बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों सहित कई ढांचों को नुकसान हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नुकसान का जायजा लेने और राहत कार्यों की देखरेख के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे।
मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही जम्मू संभाग और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया था और संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़, भूस्खलन, मिट्टी धंसने और जलभराव की चेतावनी दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित