गंदेरबल , जून 22 -- केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को ज्येष्ठ अष्टमी के शुभ अवसर पर यहां तुलमुल्ला स्थित पूजनीय माता खीर भवानी मंदिर में दर्शन कर जम्मू-कश्मीर के लोगों की शांति, समृद्धि तथा कल्याण के लिए प्रार्थना की।

श्री सिन्हा ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि माता रागन्या देवी का आशीर्वाद सभी को सद्भाव, प्रगति और आध्यात्मिक पूर्णता की राह दिखाता रहे।

इस मौके पर कश्मीरी पंडित समुदाय के सदस्यों से बातचीत में उपराज्यपाल ने कहा कि श्रद्धालुओं के सुचारू आध्यात्मिक अनुभव के लिए व्यापक और पुख्ता व्यवस्थाएं की गयी हैं। उन्होंने देश भर से आने वाले तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बुनियादी ढांचे और सहायक सेवाओं को बढ़ाने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने वार्षिक मेले के सफल आयोजन के लिए सभी हितधारकों के आपसी समन्वय और स्थानीय प्रशासन के सक्रिय प्रयासों की सराहना की।

इस दौरान उपराज्यपाल ने विभिन्न कश्मीरी पंडित संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रधानमंत्री पैकेज के कर्मचारियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात कर उनकी चिंताओं को सुना और उनके कल्याण के लिए हरसंभव कदम उठाने का भरोसा दिया।उपराज्यपाल ने मीडियाकर्मियों से कहा, "आज मैंने सभी के कल्याण और शांति की प्रार्थना की। इस वर्ष पवित्र तीर्थस्थल पर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक श्रद्धालु आये हैं। प्रशासन ने सभी की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किये हैं।"इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल दुल्लू, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग, गंदेरबल के उपायुक्त जतिन किशोर, राहत एवं पुनर्वास आयुक्त डॉ. अरविंद कारवानी सहित पुलिस तथा नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कश्मीरी पंडित संगठनों के प्रमुख उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित