जम्मू , सितंबर 17 -- जम्मू-कश्मीर की तीन बहनों ने कर्नाटक के बेंगलुरु में 4 से 10 अक्टूबर तक होने वाली दूसरी एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए क्वालिफाई किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर स्विमिंग एसोसिएशन (जेकेएसए) ने केंद्र शासित प्रदेश के उन तैराकों को बधाई दी है जिन्होंने 22वीं नेशनल मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करके जम्मू कश्मीर का नाम रोशन किया।
जेकेएसए के अध्यक्ष रमनदीप सिंह सूदन और महासचिव भरत कुमार शर्मा ने सभी भाग लेने वाले तैराकों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।
जम्मू कश्मीर की तीन सगी बहनों (बबीता रानी, बिंदु पठानिया और किरण जामवाल)ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उन्होंने हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित 22वीं नेशनल मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था।
तीनों ने भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए क्वालिफाई किया। उनकी इस उपलब्धि को जम्मू-कश्मीर में तैराकी के लिहाज से एक अहम पड़ाव माना जा रहा है, क्योंकि इन तीनों बहनों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला करने और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।
पुरुष प्रतिभागियों में से भरत भूषण गुप्ता ने भी एशियन मास्टर्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया।
जम्मू कश्मीर के तैराकों ने अपनी-अपनी आयु श्रेणियों (25 से 80 वर्ष) में मुकाबला किया और क्वालिफाई किया। इससे यह साबित हुआ कि लगन, फिटनेस और खेल भावना के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित