श्रीनगर , जुलाई 06 -- श्रीनगर हवाई अड्डे से सोमवार को कोई भी निर्धारित वाणिज्यिक उड़ान संचालित नहीं होगी। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने आज यह जानकारी दी।

हवाई अड्डा प्राधिकरण ने शनिवार को नागरिक उड़ानों के लिए मरम्मत कार्य के मद्देनजर तीन महीने तक सप्ताह में दो दिन हवाई अड्डा बंद रखने का अपना निर्णय वापस ले लिया। इस फैसले से पर्यटन उद्योग को बड़ी राहत मिली है।

श्रीनगर हवाई अड्डे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार और मंगलवार के लिए प्रस्तावित नोटिस टू एयरमेन वापस लिए जाने के बाद एयरलाइंस संशोधित परिचालन स्थिति के अनुरूप अपनी उड़ान समय-सारिणी में बदलाव कर उन्हें बहाल करने की प्रक्रिया में जुटी हैं।

हवाई अड्डे ने कहा कि बदली हुई समय सारणी को अंतिम रूप देने और उसे प्रकाशित करने में कुछ समय लग सकता है।

हवाई अड्डे ने कहा, "सोमवार और मंगलवार की उड़ान सेवाएं संबंधित एयरलाइंस द्वारा संशोधित समय-सारिणी को अंतिम रूप देकर जारी किए जाने के बाद पुनः शुरू होने की उम्मीद है।"उन्होंने कहा कि यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले सीधे अपनी एयरलाइंस से उडान की ताजा स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर लें और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूत्रों पर ही भरोसा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित