जम्मू , अक्टूबर 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने रविवार को कहा है कि पार्टी सात अक्टूबर को केंद्र शासित प्रदेश के सभी 20 प्रशासनिक जिलों में 'सेवा ज्योति यात्रा' आयोजित करेगी।

पार्टी मुख्यालय में जारी 'सेवा संकल्प अभियान' की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज सेवा, राष्ट्रवाद और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुँचाने का एक माध्यम है।

उन्होंने बताया कि 'सेवा ज्योति यात्रा' के माध्यम से प्रबुद्ध नागरिकों, नागरिक समाज के सदस्यों, युवाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों को 'समाज के लिए सेवा, राष्ट्र के लिए सेवा' के भाव के साथ जोड़ा जाएगा। यात्रा के दौरान प्रतिभागी 'सेवा ज्योति' के साथ-साथ तिरंगा लेकर चलेंगे ताकि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जा सके।

श्री शर्मा ने इस तिथि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में प्रवेश के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह यात्रा उनके सार्वजनिक जीवन और निरंतर जनसेवा के 25 वर्षों के समर्पण को भी रेखांकित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित