जम्मू , नवंबर 09 -- जम्मू में दीपावली की रात राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर में हुई वेयरहाउस में लगी भीषण आग की समेत तीन घटनाओं पर काबू पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, आठ-नौ नवंबर की दरमियानी रात एसडीआरएफ जम्मू ने तीन स्थानों पर आग की घटनाओं पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। सबसे पहले रात 9:03 बजे मोहल्ला पहाड़ियां (परेड पुलिस चौकी के पास) और इसके तुरंत बाद 9:15 बजे कनाल रोड स्थित एसपीएमआर कॉलेज के पास आग लगने की सूचना मिली। एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर दोनों जगहों पर आग को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया।

इसके बाद रात करीब 9:27 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के माध्यम से नेहरू मार्केट स्थित वेयरहाउस में भीषण आग लगने की सूचना मिली। एसडीआरएफ की टीमों को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। यह संयुक्त अभियान एसडीआरएफ दूसरी बटालियन के कमांडेंट मोहम्मद असलम के समग्र मार्गदर्शन, डीएसपी दिनेश गुप्ता की देखरेख और इंस्पेक्टर संजीव कलसी के नेतृत्व में चलाया गया।

इस संयुक्त अभियान में दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन ने मिलकर काम किया। जिला प्रशासन का नेतृत्व जम्मू के उपायुक्त मिन्गा शेरपा ने किया, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त अनुसूया जमवाल भी मौके पर मौजूद थीं। पुलिस की ओर से एसडीपीओ साउथ और वरिष्ठ अधिकारी मुस्तैद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित