मोतिहारी , सितंबर 13 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के जिहूली पंचायत के जमुनी टोला में हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने रविवार को घटनास्थल का जायजा लिया।

एसपी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव कानूनी सहायता का भरोसा दिलाया।

श्री प्रभात ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि फरार अभियुक्तों के आत्मसमर्पण नहीं करने पर न्यायालय से कुर्की की कार्रवाई का आदेश प्राप्त कर उनके घरों की कुर्की की जाएगी। फरार आरोपियों पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

एसपी ने बताया कि घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज प्राप्त कर उनकी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पूरे क्रम और उससे जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके।

श्री प्रभात ने कहा कि घटना के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती की गयी है और आवश्यक कार्रवाई जारी है। मामले में पूर्व थानाध्यक्ष के विरुद्ध भी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। पीड़ित परिवारों को पुलिस का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित