जमुई , मई 26 -- बिहार के जमुई में जमुई- सिकंदरा मुख्य मार्ग पर चौडीहा के पास मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार पुलिस की बोलेरो गाड़ी सडक पर चल रही एक बकरी को बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमे शेखपुरा जिले के कसार थानाध्यक्ष समेत 06 लोग घायल हो गए।
इस दुर्घटना में घायलों की सूची में दो नाबालिग कैदी, एक होमगार्ड का जवान तथा दो चौकीदार शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को पुलिस की गाड़ी से बाहर निकाला और डायल 112 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी घायलों को अस्पताल पहुचाया।
इस घटना में कसार थानाध्यक्ष संतोष कुमार के हाथ में गंभीर चोट लगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या के एक मामले में दो नाबालिगों को निरुद्ध कर पर्यवेक्षण गृह जमुई भेजा गया था, जहां से कसार थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों को रिमांड पर पूछताछ के लिए लिया गया था। पूछताछ के बाद स्वयं कसार थानाध्यक्ष पुलिस वाहन से दोनों नाबालिग को वापस पर्यवेक्षण गृह जमुई छोड़ने आ रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
घटना के बारे में घायल थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि चौडीहा के पास सड़क पर अचानक दो जानवरों के सामने आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित