जमुई , मार्च 21 -- जमुई जिले में शनिवार ईद-उल-फितर(ईद) का त्योहार हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया और इस दौरान मस्जिदों में नमाज पढ़ने वालों की भारी भीड़ देखी गई।
रमजान के पाक महीने में रोजा के बाद चांद के दीदार होते ही ईद का त्यौहार खुशियों की सौगात लिए हाजिर हुआ और मुस्लिम समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार की सुबह लोगों ने नए कपड़े पहनकर ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में पहुंचकर ईद की नमाज़ अदा की।
शहर के प्रमुख ईदगाह में हजारों की संख्या में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके अलावा जामा मस्जिद, महिसौड़ी, मिर्चा, गौसिया, छोटी मस्जिद, नूर मस्जिद, भछियार पठान टोली, नीमा, सतगामा, हांसडीह, बिठलपुर और इस्लाम नगर समेत जिले की तमाम मस्जिदों में भी ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। नमाज़ के दौरान लोगों ने देश में अमन, शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी।
नमाज़ अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर ईदी लेने और सेवइयों का आनंद लेने में जुटे रहे। घर-घर में मीठी सेवइयों और लजीज पकवानों की खुशबू फैल गई, जिससे पूरे शहर का माहौल त्योहारमय हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित