जमुई, मई 29 -- जमुई पुलिस ने जिले में हुई चेन स्नेचिंग और नकद छिनने की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी(एसडीपीओ) सतीश सुमन ने बताया किबीते 25 मई को जमुई सदर थाना क्षेत्र में झाझा बस स्टैंड निवासी शिक्षिका रश्मि सिन्हा उस समय चेन स्नेचिंग की शिकार हो गई थीं, जब वह एक कोचिंग में पढ़ाने जा रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और विभिन्न जिलों में छापेमारी शुरू की. जांच के दौरान कटिहार से लूटे गए जेवरात बरामद किए गए हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि शिक्षिका से स्नेचिंग मामले में कटिहार जिले के कुख्यात कोढ़ा गिरोह की संलिप्तता सामने आई है।उन्होंने कहा कि कोढ़ा गिरोह लंबे समय से बिहार के विभिन्न जिलों में चोरी, स्नेचिंग और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है।पुलिस पूरे नेटवर्क की पहचान करने में जुटी हुई है।

श्री सुमन ने बतया कि एक अन्य मामले में खैरा थाना क्षेत्र के झुंडो गांव की एक महिला से 70 हजार रुपए नकद छिनने की घटना हुई, जिसमे पुलिस ने बेगूसराय जिले के तेघड़ा निवासी अभय मिश्रा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।उसके पास से लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली गई है।

एसडीपीओ श्री सुमन ने बताया कि गिरफ्तार अभय मिश्रा का संबंध बेगूसराय के तिवारी गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित