जमुई , मार्च 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि जमुई जिले के सभी 10 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार आज समृद्धि यात्रा के क्रम में जमुई के लछुआड़ में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जमुई के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि पटना से जमुई तक अच्छी सड़क का निर्माण करा दिया गया है, इससे आवागमन सुगम हो गया है। जमुई में अनेक पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है।
श्री कुमार ने कहा कि जमुई में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जमुई में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान, पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। यहां सिमुलतला आवासीय विद्यालय की स्थापना की गई है। लछुआड़ में जैन मंदिर के पास पर्यटकीय सुविधाओं का विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित