जमुई , मई 06 -- बिहार में जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि हरदी मोह के समीप सुबह तीन बजे सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान कैलाश रावत (45) और मंटू रावत (40)रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में की गई है। तीनों युवक जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के सेवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खैरा के रायपुरा गांव में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। यह बारात झारखंड के गिरिडीह जिला के राय धनबाद से आई थी। समारोह से लौटने के दौरान हरदी मोह के पास तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण उनकी बाइक आगे चल रहे फल लदे पिकअप वाहन से पीछे से टकरा गई। इस घटना में कैलाश रावत और मंटू रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप चालक और उपचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित