जमुई , मई 08 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को जमुई जिले में सोनो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिपिक रूपेश कुमार को 37 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी सुश्री राजनंदनी ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि लिपिक रूपेश कुमार के द्वारा जून 2025 में कर्त्तव्य पर योगदान देने के बाद अब तक उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया था और संबंधित वेतन भुगतान विपत्र भेजने के एवज में एक माह की पूरी वेतन रिश्वत के रूप में मांगी जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता पवन कुमार-II के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त रूपेश कुमार को 37 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के क्रम में उनके कार्यालय कक्ष अवस्थित आलमीरा से 35 हजार रूपये अतिरिक्त राशि बरामद की गई है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे भागलपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित